औरैया में PET-2026 परीक्षा सकुशल संपन्न कराने हेतु प्रशासन मुस्तैद, ADM और ASP ने किया केंद्रों का निरीक्षण
उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 30 अक्टूबर को आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को औरैया में शांतिपूर्ण, सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा शुक्रवार, 30 अक्टूबर को आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को औरैया जनपद में शांतिपूर्ण, सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी औरैया एवं अपर पुलिस अधीक्षक औरैया ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों एवं अन्य कर्मचारियों की मुस्तैदी तथा परीक्षा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए की गई तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता और निष्पक्षता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
सभी कर्मचारी पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा शासन एवं आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए परीक्षा प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने में अपना योगदान दें।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की सतर्कता और मुस्तैदी के चलते जनपद में PET-2026 परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए। अधिकारियों ने परीक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।



