चक्रवाती तूफान को लेकर चंदौली में अलर्ट, तेज हवा के साथ बारिश की संभावना; 24 घंटे सक्रिय रहेगा आपदा कंट्रोल रूम
बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती मौसम तंत्र के संभावित प्रभाव को देखते हुए उप्र का चंदौली जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है।
चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट
चंदौली/जनमत न्यूज़। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती मौसम तंत्र के संभावित प्रभाव को देखते हुए उप्र का चंदौली जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार आज 30 अक्टूबर को जिले में तेज हवाओं के साथ लगातार बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इसे देखते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने विशेष सुरक्षा एडवाइजरी जारी करते हुए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर कलेक्ट्रेट स्थित जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय में आपदा कंट्रोल रूम को 24 घंटे सातों दिन सक्रिय कर दिया गया है। यहां अलग-अलग पारियों में अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सूचना प्राप्त कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि चक्रवाती मौसम के संभावित प्रभाव को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सिंचाई, विद्युत, स्वास्थ्य, पुलिस और नगर निकाय समेत सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने मुख्यालयों पर अलर्ट मोड में रहने तथा आवश्यक संसाधनों और राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। तेज हवा और बारिश के समय पेड़ों, बिजली के खंभों तथा जर्जर भवनों से दूर रहें।
किसी भी प्रकार की दुर्घटना, जलभराव या अन्य आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें। आपातकालीन सहायता के लिए जिला प्रशासन ने टोल फ्री नंबर 1077 एवं 262100 जारी किए हैं। इन नंबरों पर संपर्क कर नागरिक मदद प्राप्त कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और नागरिकों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।



