रामनगरी अयोध्या में करवा चौथ की धूम, श्री मंछाराम दरबार में जुटीं करीब एक हजार महिलाएं
उप्र की रामनगरी अयोध्या में करवा चौथ का पर्व बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। रामनगर कॉलोनी स्थित श्री मंछाराम दरबार में सिंधी समाज की महिलाओं ने सामूहिक रूप से करवा चौथ का व्रत रखा।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र की रामनगरी अयोध्या में करवा चौथ का पर्व बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। रामनगर कॉलोनी स्थित श्री मंछाराम दरबार में सिंधी समाज की महिलाओं ने सामूहिक रूप से करवा चौथ का व्रत रखा।
इस भव्य आयोजन में करीब 1 हजार महिलाएं एक ही छत के नीचे जुटीं, जहां आस्था और उत्साह की अद्भुत झलक देखने को मिली। कार्यक्रम मीना सचदेवा के सानिध्य में संपन्न हुआ।
सोलह श्रृंगार किए हुए महिलाओं ने विधि-विधान से करवा माता की कथा सुनी और पूजा-अर्चना की।व्रत रखीं शालिनी राजपाल और साक्षी ने बताया कि यह व्रत देवी पार्वती की प्रेरणा से रखा जाता है।
उन्होंने कहा कि इस व्रत से शारीरिक और मानसिक तनाव दूर होता है और पति की दीर्घायु की कामना की जाती है।उन्होंने कहा कि व्रत के दिन सुबह से ही महिलाओं में भारी उत्साह और ऊर्जा रहती है। पूजा के बाद सभी महिलाएं चंद्रमा निकलने का इंतजार करती हैं और चांद के दर्शन के बाद ही व्रत खोलती हैं।



