प्रतापगढ़ में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया करवाचौथ का पर्व, सुहागिनों में दिखा उत्साह
उप्र के प्रतापगढ़ शहर के बालीपुर स्थित दुर्गा मंदिर में करवाचौथ का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर करीब 60 से 70 सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना के साथ निर्जल व्रत रखा।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ शहर के बालीपुर स्थित दुर्गा मंदिर में करवाचौथ का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर करीब 60 से 70 सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना के साथ निर्जल व्रत रखा।
करवाचौथ के अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में सुहागिन महिलाओं की भीड़ जुटने लगी। व्रतधारी सुहागिन महिलाओं ने माता गौरी और भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा करवाचौथ की कथा सुनी।
सुहागिन महिलाओं ने हाथों में मेहंदी लगाकर सोलह शृंगार किया और अपने पति की दीर्घायु एवं परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, करवाचौथ का व्रत पति-पत्नी के प्रेम, विश्वास और समर्पण का प्रतीक माना जाता है।
शाम को चंद्रमा के दर्शन के बाद सुहागिन महिलाओं ने छलनी से चंद्रमा और अपने पति का दीदार किया। इसके बाद पति के हाथों जल ग्रहण कर व्रत का पारण किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा।



