अयोध्या: मीरा मांझी की आर्थिक स्थिति को लेकर सियासत तेज, PM मोदी में घर पर पी थी चाय
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उनके घर पर चाय पीने के बाद चर्चा में आईं रामनगरी अयोध्या की मीरा मांझी की आर्थिक स्थिति को लेकर सियासत तेज हो गई है।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उनके घर पर चाय पीने के बाद चर्चा में आईं रामनगरी अयोध्या की मीरा मांझी की आर्थिक स्थिति को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं और सपा नेता पवन पांडे के आरोपों के बाद महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी कंधरापुर स्थित मीरा मांझी के घर पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं।
महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री के अयोध्या आगमन के बाद मीरा मांझी को प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि मीरा मांझी के बैंक लोन की किस्तों को लेकर भी अधिकारियों से बातचीत की गई थी।
महापौर ने स्वीकार किया कि पिछले तीन-चार महीने से उनका हालचाल नहीं ले पाना उनकी भी चूक है। महापौर ने मीरा मांझी को 60 हज़ार रुपये की आर्थिक सहायता देने और जरूरत पड़ने पर चंदा एकत्र कर उनकी समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि इससे पहले सपा नेता पवन पांडे मीरा मांझी के घर पहुंचकर 50 हजार रुपये की मदद कर चुके हैं। वहीं, मीरा मांझी ने कहा कि महापौर ने उनकी परेशानियों को दूर करने का भरोसा दिया है।



