पीलीभीत के अमरिया में रामलीला कमेटी विवाद में खूनी संघर्ष, तीन की मौत; तीन आरोपी गिरफ्तार

उप्र के​ पीलीभीत जिले से इस वक्त की बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। जनपद के थाना अमरिया क्षेत्र में रामलीला कमेटी से संबंधित आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और फायरिंग हो गई।

पीलीभीत के अमरिया में रामलीला कमेटी विवाद में खूनी संघर्ष, तीन की मौत; तीन आरोपी गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

पीलीभीत से प्रेम पाठक की रिपोर्ट

पीलीभीत/जनमत न्यूज़। उप्र के​ पीलीभीत जिले से इस वक्त की बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। जनपद के थाना अमरिया क्षेत्र में रामलीला कमेटी से संबंधित आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और फायरिंग हो गई।

इस खूनी संघर्ष में 3 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।

बताया जा रहा है कि थाना अमरिया क्षेत्र में रामलीला कमेटी के संचालन को लेकर दो पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। आज विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चलने लगे।

इसी दौरान फायरिंग भी हुई। घटना में 3 व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पीलीभीत सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से घटना में प्रयुक्त असलहे और लाठी-डंडे भी बरामद किए गए हैं। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

SP पीलीभीत ने बताया कि प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।