मुजफ्फरनगर: पीड़ित परिवार के लिए फरिश्ता बने एसएसपी संजय कुमार वर्मा, शिकायत पर तत्काल लिया संज्ञान

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा एक बार फिर पीड़ितों के लिए संवेदनशील अधिकारी के रूप में सामने आए हैं।

मुजफ्फरनगर: पीड़ित परिवार के लिए फरिश्ता बने एसएसपी संजय कुमार वर्मा, शिकायत पर तत्काल लिया संज्ञान
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा एक बार फिर पीड़ितों के लिए संवेदनशील अधिकारी के रूप में सामने आए हैं। बेटी पैदा होने के बाद विवाहिता के साथ ससुराल पक्ष द्वारा कथित मारपीट और उत्पीड़न की शिकायत को लेकर परेशान चल रहे पीड़ित परिवार ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर अपनी फरियाद रखी।

पीड़ित परिवार के अनुसार, पिछले कई दिनों से संबंधित थाना पुलिस से लगातार शिकायत की जा रही थी, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं होने के कारण परिवार परेशान था। इसके बाद आज परिवार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा, जहां एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया और मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए।

एसएसपी के त्वरित हस्तक्षेप के बाद संबंधित थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, मामले में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।

बताया गया है कि मुकदमे में शाहनजर, शाहनवाज, शाह आलम, साजिद, असलम, एहसान, इमराना, इसराना, अफसाना सहित दो अज्ञात व्यक्तियों को नामजद किया गया है। मामले की जांच और अग्रिम कार्रवाई के लिए टीम गठित किए जाने की बात भी सामने आई है।

पीड़ित परिवार ने जताया एसएसपी का आभार

एसएसपी के तत्काल एक्शन के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताते हुए संजय कुमार वर्मा का आभार व्यक्त किया। परिवार का कहना है कि जब उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हो रही थी, तब एसएसपी ने उनकी बात सुनी और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा की कार्यशैली को लेकर यह मामला एक बार फिर यह संदेश देता है कि पीड़ित अपनी समस्या लेकर वरिष्ठ अधिकारी तक पहुंचता है तो उसकी फरियाद को गंभीरता से सुना जा सकता है। हालांकि मुकदमे में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।