कौशाम्बी: शादी की बात को लेकर विवाद, ईंट से हमला कर युवक की हत्या का आरोप

उप्र के कौशाम्बी जनपद के ​मंझनपुर थाना क्षेत्र में कार की डिग्गी से मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

कौशाम्बी: शादी की बात को लेकर विवाद, ईंट से हमला कर युवक की हत्या का आरोप
Published By- Diwaker Mishra

कौशाम्बी से राहुल भट्ट की रिपोर्ट

कौशाम्बी/जनमत न्यूज़। उप्र के कौशाम्बी जनपद के ​मंझनपुर थाना क्षेत्र में कार की डिग्गी से मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक शराब पीने के दौरान मृतक रवि यादव और उसके रिश्ते के मामा के लड़कों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि रवि आरोपी की बहन से शादी करने की बात कह रहा था, जिसको लेकर विवाद बढ़ गया और ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।

इसके बाद शव को कार की डिग्गी में रखकर भागने की कोशिश की गई, लेकिन कार खेत में फंस गई। मंझनपुर थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में 13 सितंबर को खेत में खड़ी एक सफेद स्विफ्ट कार की डिग्गी में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया था। पुलिस ने शव की पहचान प्रयागराज के थरवई थाना क्षेत्र के बलीपुर जैतवार डीह निवासी रवि यादव के रूप में की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण प्रजापत ने खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया। फील्ड यूनिट, फोरेंसिक टीम, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई।

पुलिस के मुताबिक जांच में संदीप यादव और शानू यादव के नाम सामने आए। दोनों प्रयागराज के यादवपुर, थाना धूमनगंज के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों को 14 सितंबर को फनगांव वाटर पार्क के पास से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी संदीप ने बताया कि वह और शानू, रवि के साथ महमदपुर गांव के बाहर एक अर्धनिर्मित प्लाट पर बैठे थे। इसी दौरान रवि आरोपी की बहन से शादी करने की बात कहने लगा। इस बात को लेकर विवाद हुआ।

पुलिस के मुताबिक विवाद बढ़ने पर संदीप ने रवि पर वहीं पड़ी ईंट से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों आरोपियों ने शव को कार की डिग्गी में रखा और कार लेकर वहां से निकलने की कोशिश की।

कार खेत में फंस गई, जिसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस को कार की डिग्गी में शव पड़े होने की सूचना मिली। आरोपियों की निशानदेही पर कथित आला कत्ल ईंट के साथ मृतक के दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मतदाता पहचान पत्र और दो डेबिट कार्ड बरामद किए हैं।

मामले में थाना मंझनपुर में मुकदमा संख्या 394/2026 दर्ज है। पुलिस एवं सीआईडब्ल्यू और सर्विलांस टीम की कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।