मैनपुरी में सरकारी एंबुलेंस सेवा को CMO ने किया सम्मानित, कहा- यह सेवाएं आम जनता के लिए जीवनरेखा
उप्र के मैनपुरी जनपद में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय एवं सराहनीय कार्य करने पर 108 एवं 102 एंबुलेंस सेवाओं को सम्मानित किया गया।
मैनपुरी से गौरव पाण्डेय की रिपोर्ट
मैनपुरी/जनमत न्यूज़। उप्र के मैनपुरी जनपद में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय एवं सराहनीय कार्य करने पर 108 एवं 102 एंबुलेंस सेवाओं को सम्मानित किया गया। इन सेवाओं द्वारा विपरीत परिस्थितियों में भी तत्परता, समर्पण और मानवता का परिचय देते हुए अनगिनत लोगों की जान बचाई जा रही है, जो वास्तव में प्रशंसनीय है।
इस दौरान एंबुलेंस में सभी जीवनरक्षक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मरीजों को त्वरित प्राथमिक उपचार प्रदान करते हुए सुरक्षित रूप से अस्पताल पहुंचाने की सेवाओं की विशेष सराहना की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. आर.सी. गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में जनपद में 108 की 24 तथा 102 की 27 एंबुलेंस आम जनमानस की सेवा में दिन-रात निरंतर कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि यह सेवाएं आम जनता के लिए एक जीवनरेखा के समान हैं।
इस अवसर पर CMO ने जिला प्रबंधक अभिषेक एवं जिला प्रभारी विवेक श्रीवास्तव को उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव के लिए सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अनिल कुमार वर्मा अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी रविन्द्र गौर तथा एंबुलेंस के क्षेत्रीय प्रबंधक क्षमा सागर सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।


