कौशांबी में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर से टकराई तेज रफ्तार पिकअप; 3 बच्चों समेत 10 की मौत

उप्र के कौशांबी जिले के सैनी थाना क्षेत्र के अतसराय के पास नेशनल हाईवे-2 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों समेत 10 लोगों की मौत की खबर है।

कौशांबी में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर से टकराई तेज रफ्तार पिकअप; 3 बच्चों समेत 10 की मौत
Published By- Diwaker Mishra

कौशांबी से राहुल भट्ट की रिपोर्ट

कौशांबी/जनमत न्यूज़। उप्र के कौशांबी जिले के सैनी थाना क्षेत्र के अतसराय के पास नेशनल हाईवे-2 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों समेत 10 लोगों की मौत की खबर है।

बताया जा रहा है कि सभी लोग फतेहपुर जिले के करौली गांव के रहने वाले थे, जो मुंडन संस्कार कराकर प्रयागराज से लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

दरअसल, फतेहपुर के करौली गांव से लगभग 18 लोग एक पिकअप वाहन में सवार होकर मुंडन संस्कार के लिए प्रयागराज गए थे। कार्यक्रम के बाद सभी लोग वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सैनी थाना क्षेत्र के अतसराय के पास NH-2 पर उनकी पिकअप का भीषण एक्सीडेंट हो गया।

हादसा इतना जबरदस्त था कि मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत-बचाव का काम शुरू किया। सभी श्रद्धालु फतेहपुर के निवासी थे, मुंडन संस्कार से लौट रहे थे।

8 शव पोस्टमार्टम के बाद फतेहपुर भेजे गए। प्रयागराज में इलाज के दौरान 2 महिलाओं की मौत हुई। अब तक 7 महिलाएं और 3 बच्चों की जान गई है। सूचना मिलते ही सैनी थाना पुलिस और हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल भेजा गया।

गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज रेफर किया गया है। पुलिस के मुताबिक अभी तक छह लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई है, जबकि कुछ लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक तेज रफ्तार और वाहन का संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह माना जा रहा है। फिलहाल इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

पुलिस के मुताबिक थाना सैनी अन्तर्गत नेशनल हाईवे पर डोरमा गांव के पास यात्रियों से भरी पिकअप जो ग्राम कुरावली थाना चांदपुर जनपद फतेहपुर के रहने वाले हैं, जो संगम प्रयागराज से मुंडन कार्यक्रम से वापस आ रहे थे।

पिकअप के ड्राइवर को नींद आ जाने के कारण आगे चल रहे एक ट्रेलर से पीछे से टकरा गई, जिसमें लगभग 20 लोग घायल हुए हैं तथा 08 लोगों की दुखद मृत्यु हो गयी है। घायलों को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। मौके पर पुलिस अधीक्षक महोदय सहित भारी पुलिस बल मौजूद है। आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।