यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा, बस की टक्कर से इको कार सवार 6 लोगों की मौत, 6 घायल
इको कार सवार छह लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं तीन बच्चों सहित कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हाथरस से होमेन्द्र कुमार मिश्रा की रिपोर्ट —
हाथरस/जनमत न्यूज। हाथरस जनपद में यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें छह लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना कोतवाली सादाबाद क्षेत्र के नगला हरिया के निकट यमुना एक्सप्रेस-वे पर किलोमीटर संख्या 140 से 145 के मध्य हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह लगभग 4:20 बजे डबल डेकर बस संख्या बीएच 06 पीजी 7942 ने पीछे से इको कार संख्या डीएल 9सी बीई 9852 में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में इको कार सवार छह लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं तीन बच्चों सहित कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही, क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की सहायता से एक्सप्रेस-वे से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया।
पुलिस द्वारा मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Janmat News 
