मुजफ्फरनगर में अशोक स्तंभ के सौंदर्यीकरण पर विवाद, सर्व समाज ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

वरिष्ठ समाजसेवी राकेश सैनी के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने आरोप लगाया कि सौंदर्यीकरण के नाम पर ऐतिहासिक अशोक स्तंभ की मूल संरचना और पहचान के साथ छेड़छाड़ की जा रही है, जिससे समाज की भावनाएं आहत हो रही हैं।

मुजफ्फरनगर में अशोक स्तंभ के सौंदर्यीकरण पर विवाद, सर्व समाज ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज। शहर के सुजडू चुंगी चौराहा स्थित स्वतंत्रता चौक पर लगे भारत के राष्ट्रीय प्रतीक अशोक स्तंभ के सौंदर्यीकरण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मुद्दे पर गुरुवार को सर्व समाज के लोगों ने विरोध जताते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

वरिष्ठ समाजसेवी राकेश सैनी के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने आरोप लगाया कि सौंदर्यीकरण के नाम पर ऐतिहासिक अशोक स्तंभ की मूल संरचना और पहचान के साथ छेड़छाड़ की जा रही है, जिससे समाज की भावनाएं आहत हो रही हैं। उनका कहना है कि यह स्तंभ देश की पहचान और गौरव का प्रतीक है, इसलिए इसके स्वरूप में किसी प्रकार का बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।

लोगों ने बताया कि यह स्तंभ वर्षों पहले तत्कालीन केंद्रीय मंत्री बाबू हुकुम सिंह के प्रयासों से स्थापित कराया गया था और तब से यह स्वतंत्रता चौक की प्रमुख पहचान बना हुआ है। ऐसे में इसके स्वरूप में बदलाव की खबर से स्थानीय नागरिकों में नाराजगी बढ़ गई है।

ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि प्रस्तावित बदलाव को तत्काल निरस्त कर अशोक स्तंभ को उसके मूल स्वरूप में ही पुनः स्थापित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि राष्ट्र चिन्ह के साथ छेड़छाड़ बंद नहीं की गई तो सर्व समाज आंदोलन करने को बाध्य होगा।

इस पूरे मामले ने शहर में नई सामाजिक और राजनीतिक हलचल पैदा कर दी है। वहीं उमेश चंद मिश्रा ने लोगों को आश्वासन दिया कि अशोक स्तंभ का पुनः भव्य तरीके से सौंदर्यीकरण कर उसे सम्मानपूर्वक स्थापित कराया जाएगा।