हरदोई में युवती ने डंपर के सामने कूदकर दी जान देने की कोशिश, सीसीटीवी में कैद हुई भयावह घटना
युवती की पहचान शिवानी पाल (21 वर्ष), निवासी शाहपुर वासुदेव, थाना माधौगंज के रूप में हुई है। वह अपनी बहन सीमा और बहनोई दिनेश (निवासी जगतनगर लोहाना, थाना बांगरमऊ) के साथ बाइक से कहीं जा रही थी।
हरदोई/जनमत न्यूज़। जनपद हरदोई में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक 21 वर्षीय युवती ने चलते हुए डंपर के नीचे कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ तौर पर कैद हो गई है। डंपर के पिछले पहिए युवती के ऊपर से गुजर गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के कटरा–बिल्हौर हाईवे स्थित छोटा चौराहा पर यह घटना हुई। वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि युवती अचानक सामने से आ रहे डंपर के ठीक आगे कूद जाती है। इससे पहले कि चालक कुछ समझ पाता, डंपर का पिछला पहिया युवती की कमर के ऊपर से गुजर जाता है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में राहगीर व स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। पुलिस ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल युवती की पहचान शिवानी पाल (21 वर्ष), निवासी शाहपुर वासुदेव, थाना माधौगंज के रूप में हुई है। वह अपनी बहन सीमा और बहनोई दिनेश (निवासी जगतनगर लोहाना, थाना बांगरमऊ) के साथ बाइक से कहीं जा रही थी। छोटा चौराहा पहुंचने पर शिवानी के बहनोई समोसा खरीदने के लिए रुके थे। इसी दौरान सामने से गुजर रहे डंपर के सामने शिवानी अचानक कूद गई।
युवती ने ऐसा कदम क्यों उठाया, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। वरिष्ठ उप निरीक्षक राधेश्याम ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह आत्महत्या का प्रयास प्रतीत हो रहा है, हालांकि कारणों की जांच जारी है।

Janmat News 
