PUBG के शौकीन किशोर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, गांव में मचा कोहराम

PUBG के शौकीन किशोर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, गांव में मचा कोहराम
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

संभल से रामब्रेस यादव की रिपोर्ट —

संभल / जनमत न्यूज। जनपद संभल के थाना बनियाठेर क्षेत्र में एक किशोर द्वारा आत्महत्या किए जाने की दर्दनाक घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि PUBG गेम खेलने का शौक रखने वाला 17 वर्षीय किशोर पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और डिप्रेशन में था। इसी तनाव के चलते उसने घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

पूरा मामला थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव जनेटा का है। यहां 17 वर्षीय मोहम्मद हसनैन ने घर के अंदर अंगोछे से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार, जब उन्होंने हसनैन को कमरे में फंदे पर लटका देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना बनियाठेर पुलिस मौके पर पहुंची और किशोर को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक मोहम्मद हसनैन पुत्र इमामी, उम्र 17 वर्ष, चंदौसी कस्बे में हेयर कटिंग सैलून की दुकान चलाता था। परिजनों का कहना है कि वह PUBG गेम खेलने का काफी शौकीन था और पिछले कुछ समय से इसी कारण मानसिक तनाव में रह रहा था।

घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। वहीं फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से जांच-पड़ताल की और जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। फिलहाल मौत के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।