हरदोई में उधारी के रुपये मांगना पड़ा भारी, नशेड़ी दोस्त ने पीट-पीटकर मार डाला; आरोपी हिरासत में

उप्र के हरदोई जनपद के पिहानी कोतवाली क्षेत्र के अब्दुल्लानगर गांव स्थित होली चौराहे पर उधारी के पांच हजार रुपये मांगने को लेकर खूनी वारदात हो गई।

हरदोई में उधारी के रुपये मांगना पड़ा भारी, नशेड़ी दोस्त ने पीट-पीटकर मार डाला; आरोपी हिरासत में
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट 

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के पिहानी कोतवाली क्षेत्र के अब्दुल्लानगर गांव स्थित होली चौराहे पर उधारी के पांच हजार रुपये मांगने को लेकर खूनी वारदात हो गई। शराब के नशे में धुत एक शख्स ने चारपाई के मचवे से ताबड़तोड़ वार कर अपने दोस्त सफाई कर्मी की हत्या कर दी।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय मोतीलाल वाल्मीकि पुत्र इंद्र निवासी अब्दुल्लानगर के रूप में हुई है वह गांव में सफाई कर्मी के तौर पर काम करते थे।

मृतक के भतीजे शानू कुमार के मुताबिक सरेहजू निवासी रामवीर वाल्मीकि ने दिवाली के अवसर पर मोतीलाल से पांच हजार रुपये उधार लिए थे। शनिवार शाम करीब 3:30 से 4 बजे के बीच मोतीलाल ने होली चौराहे पर रामवीर से अपने रुपये वापस मांगे।

आरोप है कि शराब के नशे में रामवीर ने विवाद शुरू कर दिया और पास में रखी चारपाई का मचवा उठाकर मोतीलाल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।गंभीर रूप से घायल मोतीलाल को परिजन सीएचसी लेकर पहुंचे,जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के भतीजे की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी रामवीर को हिरासत में ले लिया।

एएसपी पश्चिमी अखिलेश सिंह ने बताया कि उधारी के पांच हजार रुपये मांगने पर आरोपी ने चारपाई के पाए से मोती पर हमला किया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।