शादी समारोह में बवाल, कहासुनी के बाद बरातियों और ग्रामीणों में खूनी संघर्ष

शादी की रस्मों के दौरान किसी बात को लेकर पंडित और कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि ग्रामीणों ने बरातियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।

शादी समारोह में बवाल, कहासुनी के बाद बरातियों और ग्रामीणों में खूनी संघर्ष
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

कुशीनगर से प्रदीप यादव की रिपोर्ट —

कुशीनगर/जनमत न्यूज। जनपद कुशीनगर के कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरकहा गांव में एक शादी समारोह के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि बरातियों और ग्रामीणों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। घटना में दूल्हे समेत छह लोग घायल हो गए, जबकि कई अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।

बताया जा रहा है कि शादी की रस्मों के दौरान किसी बात को लेकर पंडित और कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि ग्रामीणों ने बरातियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना में घायल हुए लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

बारात पक्ष ने आरोप लगाया है कि मारपीट और भगदड़ के दौरान नगदी और गहने भी गायब हो गए। घटना के बाद शादी समारोह में तनाव का माहौल बना रहा।

सूचना मिलने पर उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है तथा दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।