औरैया में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से मचा हड़कंप, शादी के सामान समेत लाखों का नुकसान; कोई जनहानि नहीं
उप्र के औरैया जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नारायणपुर कंजर बस्ती में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब गैस सिलेंडर लीक होने के बाद जोरदार धमाका हो गया।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नारायणपुर कंजर बस्ती में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब गैस सिलेंडर लीक होने के बाद जोरदार धमाका हो गया।
धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। हादसे के बाद घर में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
बताया जा रहा है कि आग के दौरान एक गैस सिलेंडर में विस्फोट हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भयावह थी कि लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं। घर के अंदर रखा शादी का सामान, जेवर, कपड़े, फर्नीचर और घरेलू उपयोग का अन्य सामान जलकर राख हो गया।
पीड़ित परिवारों का कहना है कि घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और इसी कारण काफी कीमती सामान रखा हुआ था। हादसे में करीब 10 से 15 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने बाल्टियों और पाइप की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग की गाड़ियां समय पर नहीं पहुंच सकीं, जिसके कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों में दहशत का माहौल बना रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह ने बताया कि शाम करीब 7 बजकर 48 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी।
उस समय अजीतमल और निरंजनपुर से फायर टेंडर दूसरी घटना से लौट रहे थे, जिन्हें तुरंत मौके पर भेजा गया लेकिन रास्ता संकरा होने की वजह से दमकल की गाड़ियां घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकीं। इसके बाद समरसेबल के जरिए पानी लेकर आग पर काबू पाया गया।
अधिकारी के अनुसार घटना में एक एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट हुआ, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।


