प्रतापगढ़: कुंडा में पंडित धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा को लेकर निकली दिव्य कलश यात्रा, हीरागंज में हुआ स्वागत
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के बेती राजघराने में 17 नवंबर से शुरू होने जा रही बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा को लेकर क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल है।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के बेती राजघराने में 17 नवंबर से शुरू होने जा रही बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा को लेकर क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में रविवार 16 नवंबर को बाबागंज विकासखंड की कनावा ग्राम पंचायत से भव्य दिव्य कलश यात्रा निकाली गई।
कलश यात्रा कनावा गांव से प्रारंभ होकर टिकरिया होते हुए नगर पंचायत हीरागंज चौराहे पर पहुंची। यहां मंडल अध्यक्ष विनोद यादव और सभासद पप्पन सिंह के नेतृत्व में हजारों की संख्या में जुटे ग्रामीणों एवं महिलाओं ने कलश यात्रा का विधिवत पूजन-अर्चन कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
स्वागत एवं पूजन के बाद कलश यात्रा हीरागंज बाजार से होते हुए महेशगंज क्षेत्र की ओर रवाना हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण शामिल रहे। जय श्रीराम के जयघोष और भक्तिमय माहौल के बीच निकली कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को राममय कर दिया। रामकथा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।



