फतेहपुर पुलिस की बड़ी पहल, एफआईआर की कॉपी के लिए नहीं काटने पड़ेंगे थाने के चक्कर
उप्र के फतेहपुर जनपद में एफआईआर दर्ज कराने के बाद उसकी कॉपी लेने के लिए अब वादियों को थाने और पुलिस कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
फतेहपुर से भीमशंकर की रिपोर्ट
फतेहपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के फतेहपुर जनपद में एफआईआर दर्ज कराने के बाद उसकी कॉपी लेने के लिए अब वादियों को थाने और पुलिस कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने जिले में नई व्यवस्था लागू करते हुए एफआईआर दर्ज होते ही उसकी प्रति वादी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वादी के व्हाट्सएप पर तत्काल एफआईआर की कॉपी भेजी जाएगी।
वहीं व्हाट्सएप का इस्तेमाल नहीं करने वाले वादियों को बीट या हल्का आरक्षी के माध्यम से उनके घर पर कॉपी उपलब्ध कराई जाएगी। एसपी ने बताया कि संज्ञान में आया था कि कई मामलों में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद वादियों को इसकी जानकारी समय से नहीं मिल पाती थी।
कई बार वादी के थाने पर मौजूद नहीं होने के कारण उसे मुकदमा दर्ज होने की जानकारी और एफआईआर की प्रति हासिल करने के लिए दोबारा थाने या पुलिस कार्यालय जाना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए अब एफआईआर पंजीकरण के साथ ही वादी को उसकी प्रति उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
वहीं महिला वादियों की गरिमा और निजता को ध्यान में रखते हुए उनके लिए विशेष व्यवस्था की गई है। महिला वादियों को एफआईआर की प्रति केवल महिला पुलिसकर्मी के माध्यम से शालीनता और सम्मान के साथ उपलब्ध कराई जाएगी।
इसका उद्देश्य महिलाओं को मुकदमे से संबंधित दस्तावेज प्राप्त करने में किसी तरह की असहजता से बचाना है। एसपी ने स्पष्ट किया कि एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराने में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित थाना प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।




