साइकिल पर इतिहास की हुंकार, वीर बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती पर दिल्ली की ओर बढ़ा साइक्लोथॉन
वीर आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन रैली देशभर में इतिहास, साहस और राष्ट्रभक्ति का संदेश दे रही है।
फतेहपुर से भीमशंकर की रिपोर्ट
फतेहपुर/जनमत न्यूज़। वीर आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन रैली देशभर में इतिहास, साहस और राष्ट्रभक्ति का संदेश दे रही है। यह साइक्लोथॉन रैली 28 दिसंबर 2025 को रांची (झारखंड) से प्रारंभ हुई, जो 16 जनवरी 2026 को नई दिल्ली में संपन्न होगी।
साइक्लोथॉन दल रांची से चलकर हजारीबाग, वाराणसी, प्रयागराज, फतेहपुर और कानपुर होते हुए दिल्ली की ओर अग्रसर है। इस अभियान का नेतृत्व कर्नल अनिल कुमार कर रहे हैं। रैली में 46 झारखंड बटालियन एनसीसी के अधिकारी, 8 महिला एनसीसी कैडेट और 8 पुरुष एनसीसी कैडेट प्रतिभाग कर रहे हैं।
7 जनवरी को साइक्लोथॉन दल के फतेहपुर पहुंचने पर एनसीसी 60 यूपी बटालियन फतेहपुर द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में भव्य स्वागत किया गया।
स्वागत कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स, अधिकारी और विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के लिए जीवंत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसमें देशभक्ति की भावना और क्षेत्रीय सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान वीर बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और बलिदान पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। बताया गया कि उनका जन्म 15 नवंबर 1875 को उलीहातू, झारखंड में हुआ था। उन्होंने आदिवासी समाज को संगठित कर जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन का नेतृत्व किया और अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष किया।
कर्नल अनिल कुमार ने कहा कि वीर बिरसा मुंडा का जीवन साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। यह साइक्लोथॉन रैली युवाओं में देशप्रेम, आत्मबल और राष्ट्रीय चेतना जागृत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा शारीरिक चुनौती के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता का भी संदेश देती है।
फतेहपुर में रात्रि विश्राम के बाद साइक्लोथॉन दल ने 08 जनवरी 2026 को उत्साहपूर्वक कानपुर के लिए प्रस्थान किया। प्रतिकूल मौसम और कठिन परिस्थितियों के बावजूद साइक्लोथॉन दल नई दिल्ली की ऐतिहासिक यात्रा की ओर निरंतर अग्रसर है।

Janmat News 
