उरई की कोतवाली कालपी पुलिस की बड़ी कामयाबी, देवमाता मंदिर चोरी के तीन शातिर मुठभेड़ में गिरफ्तार
उप्र के उरई जनपद के कालपी कोतवाली क्षेत्र में प्रसिद्ध देवपुरा माता मंदिर में हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट
उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद के कालपी कोतवाली क्षेत्र में प्रसिद्ध देवपुरा माता मंदिर में हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोतवाली कालपी पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान तीन शातिर अभियुक्तों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है, जिसमें एक अभियुक्त पुलिस की आत्मरक्षार्थ फायरिंग में घायल हो गया।
ग्राम उसरगाँव स्थित देवपुरा माता मन्दिर में दिनांक 16/17 सितंबर 2026 की रात्रि में अज्ञात चोरों ने मंदिर से एक घंटा तथा दानपात्र से 35,000 रुपये चोरी कर लिए थे। इस मामले में कालपी कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए क्षेत्राधिकारी कालपी राजेश कँवल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
संयुक्त टीम द्वारा नाकाबंदी के दौरान तीन शातिर अभियुक्त संदीप उर्फ नरेंद्र पाल सिंह पुत्र रमेश चंद्र निवाड़ी ग्राम गौर थाना भोगनीपुर, बलराम पुत्र स्वर्गीय लल्लू प्रसाद एवं लाला उर्फ लालचंद्र को घेर लिया गया। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ फायरिंग की। इस फायरिंग में संदीप उर्फ नरेंद्र पाल सिंह के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि अन्य दो अभियुक्तों को दबोच लिया गया।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 26 पीतल के घंटे, 11,995 रुपये नगद, एक अवैध तमंचा मय जिंदा व खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा चोरी करने के उपकरण बरामद किए हैं। घायल अभियुक्त को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बड़ी कामयाबी पर पुलिस अधीक्षक जालौन ने टीम की सराहना की है।



