चन्दौली: 100 से अधिक म्यूल बैंक खातों के नेटवर्क का खुलासा, पुलिस ने दो साइबर आरोपियों को दबोचा
उप्र के चन्दौली जनपद में साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना अलीनगर पुलिस एवं साइबर सेल चंदौली की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी और म्यूल बैंक खातों के संचालन में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है।
चन्दौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट
चन्दौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चन्दौली जनपद में साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना अलीनगर पुलिस एवं साइबर सेल चंदौली की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी और म्यूल बैंक खातों के संचालन में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार, जांच में आरोपियों के नेटवर्क का इस्तेमाल 16 राज्यों में लोन फ्रॉड, डिलीवरी फ्रॉड और यूपीआई धोखाधड़ी से अर्जित रकम को अलग-अलग बैंक खातों में मंगाने के लिए किया जा रहा था।
अब तक 17 म्यूल बैंक खाते चिन्हित किए गए हैं, जबकि NCRP पोर्टल पर इनके खिलाफ 76 साइबर फ्रॉड शिकायतें दर्ज मिली हैं। इन शिकायतों में करीब 29 लाख रुपये की ठगी की रिपोर्ट सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 08 बैंक खाता विवरण दस्तावेज, 05 पासबुक, 01 चेकबुक, 06 डेबिट कार्ड, 06 सिम कार्ड, 02 कूटरचित आधार कार्ड, 03 स्मार्टफोन और 650 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। NCRP पोर्टल से मिलान करने पर बरामद खातों से जुड़े करीब 7.20 लाख रुपये के साइबर फ्रॉड का विवरण सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीतीश कुमार, निवासी बिहार, उम्र करीब 30 वर्ष तथा अमन शर्मा, निवासी सकलडीहा कोट, थाना सकलडीहा, चंदौली, उम्र करीब 27 वर्ष के रूप में हुई है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कूटरचित आधार कार्डों का इस्तेमाल कर अपनी पहचान छिपाते थे। अमन शर्मा कथित तौर पर भोले-भाले लोगों के नाम से विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाकर उनकी पासबुक, चेकबुक, डेबिट कार्ड व सिम कार्ड एकत्र करता था।
इसके बाद बैंकिंग सामग्री बिहार निवासी एक अन्य व्यक्ति को उपलब्ध कराई जाती थी, जहां से साइबर ठगी के नेटवर्क में इन खातों का इस्तेमाल किया जाता था।
पुलिस ने बताया कि 10 अगस्त 2026 को चकिया तिराहे के पास संदिग्धों की तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को रात करीब 9:52 बजे गिरफ्तार किया गया।
मामले में थाना अलीनगर पर मु.अ.सं. 0496/2026 के तहत धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338, 339, 3(5) बीएनएस एवं 66D आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त को ही थाना चंदौली पुलिस एवं साइबर टीम ने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी में तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनके कब्जे से पासबुक, कूटरचित आधार कार्ड और वीवो स्मार्टफोन बरामद किया गया था।
पुलिस की कार्रवाई से साइबर ठगी में इस्तेमाल हो रहे म्यूल बैंक खातों के अंतरराज्यीय नेटवर्क की अहम कड़ियां सामने आने की बात कही गई है।




