बलरामपुर: नेपाल सीमा पर अंतर्राष्ट्रीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, तीन मोटरसाइकिलें बरामद; एक नेपाली नागरिक गिरफ्तार
उप्र के बलरामपुर जनपद की भारत नेपाल सीमा पर तैनात शस्त्र सीमा बल (SSB) एवं पचपेड़वा थाना की संयुक्त टीम ने गश्त के दौरान सीमा पर वाहन चुराने वाले अंतर्राष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की है।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद की भारत नेपाल सीमा पर तैनात शस्त्र सीमा बल (SSB) एवं पचपेड़वा थाना की संयुक्त टीम ने गश्त के दौरान सीमा पर वाहन चुराने वाले अंतर्राष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की है।
टीम ने मोटरसाइकिल चोरी कर ले जा रहे एक नेपाली नागरिक को भी गिरफ्तार किया है। भारत नेपाल सीमा पर पचपेड़वा थाना की पुलिस एसएसबी के साथ सीमावर्ती क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी की मोटरसाइकिल चुरा कर नेपाल बेचने के लिए जा रहे है।
संयुक्त टीम ने भारत नेपाल पिलर संख्या 576 नन्हव्वा घाट के पास कॉम्बिंग के दौरान तीन मोटरसाइकिल से आते हुए दिखे जिन्हें रोकने कि कोशिश की गई, तभी दो व्यक्ति मौका पाकर अपनी अपनी मोटरसाइकिल छोड़ कर नेपाल की तरफ भाग गए। जबकि सुरेंद्र प्रसाद नामक एक युवक को पकड़ लिया गया जो विजय नगर थाना कृष्णानगर जिला कपिलवस्तु नेपाल का निवासी है।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि मौके से 3 मोटरसाइकल एवं एक मोबाइल भी बरामद किया गया है। इस मामले में नेपाल राष्ट निवासी छोटू लोहार ,एवं हीरालाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि यह गिरोह उत्तर प्रदेश के बलरामपुर, बहराइच, सिद्धार्थनगर, बस्ती, गोरखपुर सहित विभिन्न जनपदों से वाहन चोरी कर नेपाल ले जाकर बेचते थे । उन्होंने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी इकट्ठा की जा रही है। जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों की भी गिरफ्तारी की जाएगी।




