हाथरस: 3 दिन से लापता 4 वर्षीय मासूम बच्ची का बोरे में बंद मिला शव, हत्या की आशंका
उप्र के हाथरस जनपद के सिकंद्राराऊ कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कई दिनों से लापता चार वर्षीय मासूम बच्ची का शव बोरे में बंद मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
हाथरस से होमेश मिश्रा की रिपोर्ट
हाथरस/जनमत न्यूज़। उप्र के हाथरस जनपद के सिकंद्राराऊ कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कई दिनों से लापता चार वर्षीय मासूम बच्ची का शव बोरे में बंद मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
बच्ची बीती 8 नवंबर से लापता थी। बुधवार को गांव के समीप सूखे बंबे में उसका शव मिलने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। परिजनों ने बच्ची की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
जानकारी के मुताबिक, सिकंद्राराऊ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की चार वर्षीय बच्ची बीती 8 नवंबर को अचानक लापता हो गई थी। बच्ची के लापता होने के बाद परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मासूम की तलाश शुरू कर दी थी। कई दिनों तक तलाश के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं लग सका। गुरुवार, 12 नवंबर को गांव के समीप स्थित एक सूखे बंबे में बोरे के अंदर बच्ची का शव बरामद हुआ।
मासूम का शव मिलने की खबर जैसे ही गांव में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा क्षेत्राधिकारी अमित पाठक और थाना प्रभारी शिवकुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, जिले से पहुंची डॉग स्क्वायड की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बच्ची की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस से दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इस वारदात के पीछे किसका हाथ है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।



