हरदोई के संडीला में रिश्तों का कत्ल, मामूली विवाद में भाई ने भाई को उतारा मौत के घाट
उप्र के हरदोई जनपद के संडीला कस्बे के मोहल्ला बरौनी अशरफ टोला में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आपसी विवाद के दौरान भाई ने अपने ही भाई के सिर पर ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के संडीला कस्बे के मोहल्ला बरौनी अशरफ टोला में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आपसी विवाद के दौरान भाई ने अपने ही भाई के सिर पर ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी।
घर के अंदर हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मोहल्ला बरौनी अशरफ टोला निवासी राधेश्याम पुत्र श्याम उम्र करीब 37 वर्ष अपने घर में मृत अवस्था में मिला।
मृतक की पत्नी अपनी तीन बेटियों के साथ मायके छनोईया गांव गयी थी दो बेटे है जिनमे एक बाहर रहकर काम करता है और दूसरा बेटा दूसरे मकान में सोने गया था।घर पर दोनो भाई ही मौजूद थे।
इस घटना की सूचना मिलते ही संडीला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी सुबोध गौतम भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि राधेश्याम और उसके भाई घनश्याम के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।
इसी दौरान घनश्याम ने राधेश्याम के सिर पर ईंट से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
एएसपी सुबोध गौतम ने बताया कि आरोपी घनश्याम पुत्र श्याम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।फिलहाल पुलिस मामले में अन्य वैधानिक कार्रवाई कर रही है। घर के भीतर भाई के हाथों भाई की हत्या की इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।



