हरदोई: पुलिस मुठभेड़ में चार लुटेरे गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली; नगदी व अवैध तमंचा बरामद

उप्र के हरदोई जनपद के ​कोतवाली देहात क्षेत्र में शराब सेल्समैन से हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद चार बदमाशों को दबोच लिया है।

हरदोई: पुलिस मुठभेड़ में चार लुटेरे गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली; नगदी व अवैध तमंचा बरामद
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के ​कोतवाली देहात क्षेत्र में शराब सेल्समैन से हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद चार बदमाशों को दबोच लिया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीमों द्वारा की जा रही लगातार दबिश के क्रम में 12-13 नवंबर की रात पोखरी तिराहे के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवार बदमाश बृजेंद्र ने खुद को घिरता देख पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बृजेंद्र के दाहिने पैर में गोली लगी,जिसे उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने कोतवाली देहात के रिक्खा पुरवा निवासी बृजेंद्र,अंकुर, गंगेव और हरियावां के उतरा निवासी शोभित को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई कुल 1 लाख 62 हजार रुपये की नकदी, वारदात में प्रयुक्त बाइक, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।

​गौरतलब है कि बीते रविवार,8 नवंबर 2026 की रात करीब साढ़े दस बजे शहर के आशानगर निवासी सेल्समैन राजेश कुमार सिंह हरियावां स्थित सतेन्द्र कुमार सिंह के देशी शराब ठेके को बंद कर कैंटीन संचालक सुरजीत कुमार के साथ बाइक से घर लौट रहे थे।

जैसे ही वे पोखरी तिराहे से 100 मीटर आगे पिहानी चुंगी की तरफ बढ़े, बाइक सवार बदमाशों ने बिक्री के करीब ढाई से तीन लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया था। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही थी।

​सीओ सिटी हरदोई अजीत चौहान ने बताया कि 8 नवंबर को पोखरी तिराहे के पास हुई लूट की घटना में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है,मुठभेड़ में घायल एक बदमाश का मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है और आरोपियों के पास से लूटी गई नकदी व हथियार बरामद कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।