बुलंदशहर ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस मुठभेड़, दो ₹50 हजार इनामी आरोपियों के पैर में लगी गोली

पुलिस ने इस मामले में 10 आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। अब तक तीन आरोपियों की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी थी, जबकि अन्य पांच आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

बुलंदशहर ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस मुठभेड़, दो ₹50 हजार इनामी आरोपियों के पैर में लगी गोली
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

बुलन्दशहर से सत्यवीर सिंह की रिपोर्ट —

बुलंदशहर / जनमत न्यूज। बुलंदशहर के चर्चित ट्रिपल मर्डर मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बर्थडे पार्टी में केक लगाने के विवाद के बाद हुए तीहरे हत्याकांड के दो इनामी आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है और उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस आज आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल और डीबीआर बरामद करने पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश करते हुए आरोपियों ने बरामद हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें आरोपी रिंकू सैनी और भारत सैनी घायल हो गए। दोनों आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

गौरतलब है कि यह सनसनीखेज वारदात खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष रोड स्थित एक जिम में हुई थी। बताया जा रहा है कि आरोपी जीतू सैनी का जन्मदिन था और उसने मृतक अमरदीप को पार्टी में बुलाया था। पार्टी के दौरान अमरदीप द्वारा जीतू के चेहरे पर केक लगाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया।

विवाद बढ़ने पर अमरदीप ने अपने परिवार के मनीष और आकाश समेत अन्य लोगों को जिम बुला लिया। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट और फायरिंग हुई, जिसमें करीब दो दर्जन गोलियां चलीं और तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई।

पुलिस ने इस मामले में 10 आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। अब तक तीन आरोपियों की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी थी, जबकि अन्य पांच आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

इस पूरे मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने पर थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज और बिट कांस्टेबल को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। फिलहाल पुलिस बाकी फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।