मुजफ्फरनगर: पत्रकार को खबर न चलाने के लिए रिश्वत देने का आरोप, SSP से की शिकायत
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में शिफा अल्ट्रासाउंड सेंटर से जुड़ा मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस पूरे प्रकरण में एक पत्रकार द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को शिकायती पत्र देकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में शिफा अल्ट्रासाउंड सेंटर से जुड़ा मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस पूरे प्रकरण में एक पत्रकार द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को शिकायती पत्र देकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
शिकायतकर्ता अनमोल पुत्र सुरेशचंद, निवासी मुजफ्फरनगर, जो पेशे से पत्रकार हैं, ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने शिफा अल्ट्रासाउंड सेंटर पर अनट्रेंड टेक्नीशियन द्वारा किए जा रहे कार्यों की खबर सोशल मीडिया पर प्रकाशित की थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए छापेमारी भी की।
आरोप है कि छापेमारी के बाद सेंटर से जुड़े संचालक सुहैल और शेखर सिसौदी लगातार पत्रकार पर खबर न चलाने का दबाव बनाने लगे। इतना ही नहीं, 27 अप्रैल 2026 को करीब 12:30 बजे सीएमओ कार्यालय के बाहर दोनों व्यक्तियों ने कथित रूप से पत्रकार को जबरन पैसे देने की कोशिश की और रिश्वत लेने के लिए दबाव बनाया।
पत्रकार ने अपने शिकायती पत्र में यह भी कहा कि उनके मना करने के बावजूद लगातार दबाव बनाया जा रहा है, जिससे निष्पक्ष पत्रकारिता प्रभावित हो रही है।
उन्होंने एसएसपी से मांग की है कि पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में निष्पक्ष रूप से खबरें प्रकाशित की जा सकें और प्रशासन का सहयोग बना रहे।
इस मामले की प्रति जिलाधिकारी और संबंधित थाना पुलिस को भी भेजी गई है। फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से मामले में जांच की बात कही जा रही है।

Janmat News 
