रामपुर: विधायक राजबाला सिंह ने किया ऐतिहासिक भूड़ा मेले का उद्घाटन, विभिन्न कार्यक्रम रहेंगे आकर्षण का केंद्र

उप्र के रामपुर जनपद की शाहबाद तहसील क्षेत्र के कस्बा सेफनी से सटे गांव भजनपुर के रकवे में लगने वाले प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक भूड़ा मेले का शनिवार को विधिवत शुभारंभ हो गया।

रामपुर: विधायक राजबाला सिंह ने किया ऐतिहासिक भूड़ा मेले का उद्घाटन, विभिन्न कार्यक्रम रहेंगे आकर्षण का केंद्र
Published By- Diwaker Mishra

रामपुर से अभिषेक शर्मा की रिपोर्ट

रामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के रामपुर जनपद की शाहबाद तहसील क्षेत्र के कस्बा सेफनी से सटे गांव भजनपुर के रकवे में लगने वाले प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक भूड़ा मेले का शनिवार को विधिवत शुभारंभ हो गया।

क्षेत्रीय विधायक  राजबाला सिंह ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान उप जिलाधिकारी आदेश कुमार और क्षेत्राधिकारी शाहबाद देवकीनंदन प्रमुख रूप से मौजूद रहे। मेले के शुभारंभ के साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।

भूड़ा मेला सैफनी क्षेत्र की पुरानी और ऐतिहासिक परंपराओं से जुड़ा हुआ है। मेले में हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग दूर-दराज के गांवों और कस्बों से पहुंचते हैं। मेले में मनोरंजन के साथ ही विभिन्न प्रकार की गतिविधियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहती हैं।

खासकर दंगल, सर्कस और जादू के कार्यक्रम मेले में आने वाले लोगों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। बच्चों के लिए झूले और मनोरंजन के विभिन्न साधन भी मेले की रौनक बढ़ाते हैं।

मेले में ग्रामीण परिवेश की पारंपरिक झलक भी देखने को मिलती है। परिवार के साथ मेले में पहुंचने वाले लोग विभिन्न दुकानों पर खरीदारी करने के साथ ही मनोरंजन के कार्यक्रमों का आनंद लेते हैं। मेले में खान-पान की दुकानों के अलावा घरेलू सामान, खिलौने और अन्य वस्तुओं की दुकानें भी सजाई गई हैं।

उद्घाटन के अवसर पर विधायक राजबाला सिंह ने मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे ऐतिहासिक मेले क्षेत्र की संस्कृति और परंपरा को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने मेले में आने वाले लोगों से आपसी भाईचारे के साथ मेले का आनंद लेने की अपील की।

मेले के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन एवं पुलिस की ओर से आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने मेले में आने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही।

इस मौके पर चौधरी हरपाल सिंह, भाजपा वरिष्ठ नेता सुरेश बाबू गुप्ता, विधायक पति दिलीप सिंह लोधी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। मेले के शुभारंभ से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और आने वाले दिनों में मेले में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।