फूहड़ बातें, जबरन सीने से चिपकाना...पूर्व सिलेक्टर पर महिला क्रिकेटर ने लगाए गंभीर आरोप; मचा हड़कंप

बांग्लादेश की महिला क्रिकेटर जहांआरा आलम ने टीम के मैनेजर रहे मंजरुल आलम पर यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। उनके आरोपों से बांग्लादेश क्रिकेट में भूचाल मच गया है

फूहड़ बातें, जबरन सीने से चिपकाना...पूर्व सिलेक्टर पर महिला क्रिकेटर ने लगाए गंभीर आरोप; मचा हड़कंप
Published By - Ambuj Mishra

केनबरा/जनमत न्यूज़। बांग्लादेश की महिला क्रिकेटर जहांआरा आलम ने टीम के मैनेजर रहे मंजरुल आलम पर यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। उनके आरोपों से बांग्लादेश क्रिकेट में भूचाल मच गया है।

जहांआरा ने पहले महिला टीम की कप्तान निगार सुल्ताना पर खिलाड़ियों को मारने-पीटने का आरोप लगाया था और अब पूर्व चयनकर्ता और महिला टीम के मैनेजर रहे मंजरुल आलम पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। जहांआरा आलम अब ऑस्ट्रेलिया में रह रहीं हैं।

उन्होंने कहा है कि 2022 के महिला विश्व कप के दौरान आलम ने उनसे कई बार कामुक बातचीत की। उन्हें और बाकी महिला क्रिकेटरों को जबरन सीने से चिपका लिया करते थे। हमेशा शरीर के नजदीक आना चाहते थे। इतना ही नहीं, उनसे कई बार बेहुदे सवाल किए। उनके मासिक धर्म तक के बारे में पूछा।

जहांआरा आलम के आरोप

पत्रकार रियासद अजीम को दिए इंटरव्यू में जहांआरा आलम ने कहा, 'मैंने एक बार नहीं, कई बार इसका (भद्दे प्रस्ताव) सामना किया है। असल में जब जब टीम में होते हैं तो हम बहुत सारी चीजों पर चाहकर भी बात नहीं कर सकते। जब बात रोजी-रोटी की हो, जब आपको कुछ लोग जानते हैं तब आप बहुत सी चीजें ऐसी होती हैं जिनके बारे में कुछ नह नहीं सकते, विरोध दर्ज नहीं करा सकते।'

उन्होंने 2022 के महिला विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच के दौरान अपने साथ हुए कथित यौन उत्पीड़न का खास तौर पर जिक्र किया। तब मंजरुल आलम चयनकर्ता भी थे और महिला क्रिकेट टीम के मैनेजर भी।

'पीरियड के बारे में पूछा'

जहांआरा ने आरोप लगाया कि एक बार मंजरुल आलम उनके बहुत करीब आ गए। उनका हाथ पकड़ लिया और एक हाथ को उनके कंधे पर रखकर कान में आकर पूछा- तुम्हें पीरियड आए कितने दिन हो गए। महिला क्रिकेटर ने आरोप लगाया कि आलम की ये आदत थी। वह लड़कियों को अपनी ओर खींच लेते थे। उन्हें अपने सीने से चिपका लेते थे। बातचीत भी उनकी कान के नजदीक आकर करते थे।

इंटरव्यू में जहांआरा ने बताया कि लड़कियों में आलम को लेकर खौफ रहता था। वे उनसे दूर रहने की कोशिश करती थी। मैच में हैंडशेक्स के दौरान वो उनकी ओर दूर से हाथ बढ़ाती थीं ताकि वह उन्हें अपनी ओर खींच न सके। महिला क्रिकेटर आपस में मजाक में कहा करती थीं- वह आ रहा है, वह हमें फिर चिपकाएगा।

बोर्ड के अधिकारियों से शिकायत भी की लेकिन...

जहांआरा आलम का आरोप है कि उन्होंने बोर्ड के अधिकारियों से मंजरुल आलम के व्यवहार की शिकायत भी की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आलम ने अब पत्रकार रियासद अजीम को दिए इंटरव्यू में जब सार्वजनिक तौर पर ये आरोप लगाए हैं तब बांग्लादेश क्रिकेट में हड़कंप मच गया है।

पूरे मामले की जांच के आदेश देते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमिनुल इस्लाम ने कहा है कि दोषी चाहे डायरेक्टर हो, कोच हो, स्टाफ हो या कितना ही प्रभावशाली व्यक्ति हो, दोष साबित होने पर उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि यौन उत्पीड़न के मुद्दे पर बोर्ड की शून्य सहनशीलता नीति है।

मंजरुल आलम ने आरोपों को किया खारिज

दूसरी तरफ मंजरुल आलम ने खुद पर लगे आरोपों को निराधार और मनगढ़ंत बताकर खारिज किया है। उन्होंने कहा है कि आप बाकी क्रिकेटरों से पूछ सकते हैं कि मैं अच्छा रहा हूं या खराब।

बांग्लादेश की दिग्गज क्रिकेटर हैं जहांआरा

32 साल की जहांआरा आलम बांग्लादेश की दिग्गज क्रिकेटर हैं। वह तेज गेंदबाज हैं। उन्होंने 52 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में 48 विकेट हासिल किए हैं। 83 T20 इंटरनेशनल मैच में उनके नाम 60 विकेट दर्ज हैं।