पीएम मोदी का मलेशिया में जोरदार स्वागत

पीएम मोदी का मलेशिया में जोरदार स्वागत
Published By - ANKUSH PAL

देश/विदेश (जनमत) :-  मलेशिया की दो दिवसीय यात्रा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को कुआलालंपुर पहुंचे। इस यात्रा के दौरान मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने व्यक्तिगत रूप से एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया, जो दोनों नेताओं के बीच गहरे व्यक्तिगत संबंधों को दर्शाता है। एयरपोर्ट पर सांस्कृतिक स्वागत भी किया गया, जिसमें भारत और मलेशिया की साझा विरासत को दिखाया गया। बच्चों ने दोनों देशों के झंडे लहराते हुए लाइन लगाकर पीएम मोदी का अभिनंदन किया।

पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि वे अपने मित्र अनवर इब्राहिम द्वारा दिए गए गर्मजोशी भरे स्वागत से गहराई से प्रभावित हैं। भारत-मलेशिया के बीच दोस्ती को और मजबूत करने के लिए उत्सुक हैं। यह पीएम मोदी की 2015 के बाद मलेशिया की तीसरी यात्रा है, जो अनवर इब्राहिम के निमंत्रण पर हो रही है।

एयरपोर्ट से ही दोनों प्रधानमंत्रियों ने एक ही कार में सवार होकर कुआलालंपुर में कम्युनिटी कार्यक्रम की ओर रवाना हुए। इस कार राइड ने दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत रिश्ते और लोगों के बीच जुड़ाव को खास तौर पर उजागर किया। पीएम मोदी ने कार में बैठे हुए एक फोटो शेयर करते हुए लिखा, 'भारत-मलेशिया लोगों के बीच जुड़ाव का जश्न! पीएम अनवर इब्राहिम और मैं कुआलालंपुर में कम्युनिटी प्रोग्राम की ओर जा रहे हैं।' यह विशेष इशारा मलेशियाई पीएम द्वारा दिखाए गए भारत और भारतीय समुदाय के प्रति प्रेम व सम्मान को दर्शाता है।