उरई: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराया तेज रफ्तार ट्राला; एक की मौत

उप्र के जालौन जिले से गुजरने वाले  बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 212 पर हाइवे किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार ट्रक जा घुसा।

उरई: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराया तेज रफ्तार ट्राला; एक की मौत
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट

उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के जालौन जिले से गुजरने वाले  बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 212 पर हाइवे किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार ट्रक जा घुसा।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

टीम ने कड़ी मशक्कत कर ट्रक में फंसे दो लोगों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे घायल का इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और खड़े ट्रक से पीछे से टक्कर होना माना जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे रेस्क्यू टीम और पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सुचारु कराया।