संभल में दिनदहाड़े गोली मारकर युवक की हत्या, इलाके में मचा हड़कंप; बाइक सवार हमलावर फरार

उप्र के संभल जनपद के थाना बनियाठेर क्षेत्र में दिनदहाड़े गोलीकांड की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चंदौसी-फरीदपुर खास लिंक मार्ग पर बाइक सवार हमलावरों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी।

संभल में दिनदहाड़े गोली मारकर युवक की हत्या, इलाके में मचा हड़कंप; बाइक सवार हमलावर फरार
Published By- Diwaker Mishra

संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट 

संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद के थाना बनियाठेर क्षेत्र में दिनदहाड़े गोलीकांड की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चंदौसी-फरीदपुर खास लिंक मार्ग पर बाइक सवार हमलावरों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई हत्या की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।

पूरा मामला उत्तर प्रदेश के जनपद संभल के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के निवासी विक्रम पुत्र विजेंद्र (35) चंदौसी से अपने गांव वापस लौट रहे था। इसी दौरान रास्ते में पीछे से आए बाइक सवार हमलावरों ने घात लगाकर उन्हें निशाना बनाया और गोली मार दी। गोली लगने से विक्रम की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, घटना की सूचना मिलते ही थाना बनियाठेर और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। चंदौसी के क्षेत्राधिकारी विवेक जावला ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

वहीं, एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेकर पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतक का पूर्व में किसी विवाद को लेकर मामला चल रहा था और थाना हजरतनगर गढ़ी में इस संबंध में मुकदमा भी दर्ज हुआ था। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों और आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली, पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। पूर्व में दर्ज मुकदमे और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।