हरदोई में ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत, बहू घायल; हालत गंभीर लखनऊ रेफर
उप्र के हरदोई जनपद में शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लालपालपुर गांव के पास बुधवार को एक बड़ा रेल हादसा हो गया।दिल्ली-लखनऊ रेल मार्ग पार कर खेत की ओर जा रही सास-बहू तेज रफ्तार अवध-आसाम एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गईं।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लालपालपुर गांव के पास बुधवार को एक बड़ा रेल हादसा हो गया।दिल्ली-लखनऊ रेल मार्ग पार कर खेत की ओर जा रही सास-बहू तेज रफ्तार अवध-आसाम एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गईं।
इस भीषण दुर्घटना में सास की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चचेरी बहू गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायल महिला को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के लालपालपुर निवासी कृपाल खेती-किसानी करते हैं। गांव से करीब एक किलोमीटर दूर दिल्ली-लखनऊ रेल मार्ग के दूसरी तरफ उनका खेत स्थित है, जहां इन दिनों धान की कटाई का काम चल रहा है।
आज बुधवार को पाल की पत्नी प्रेमा अपनी चचेरी बहू कमला के साथ खेत पर काम में हाथ बंटाने के लिए घर से निकली थीं। रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान किलोमीटर संख्या 1165 के पिलर 2 और 7 के मध्य दोनों महिलाएं अचानक आ गई 15909 अवध-आसाम एक्सप्रेस की चपेट में आ गईं।
हादसा इतना भयानक था कि प्रेमा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कमला बुरी तरह घायल होकर ट्रैक किनारे गिर पड़ीं।चीख-पुकार और ट्रेन के हॉर्न की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे।
आनन-फानन में घायल कमला को जिला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां आपातकालीन वार्ड में प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने स्थिति चिंताजनक बताते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया।
हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



