रामपुर में बर्तन व्यापारी दंपती की गोली लगने से मौत, बच्चों ने सुनी गोली चलने की आवाज
उप्र के रामपुर जनपद में गुरुवार सुबह बर्तन व्यापारी सुनील रस्तौगी और उनकी पत्नी नेहा रस्तौगी का शव खून से लथपथ मिला। बेटा और बेटी नीचे सो रहे थे। सुबह करीब 7:30 बजे बच्चों ने गोली चलने की आवाज सुनी थी।
रामपुर से अभिषेक की रिपोर्ट
रामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के रामपुर जनपद में गुरुवार सुबह बर्तन व्यापारी सुनील रस्तौगी और उनकी पत्नी नेहा रस्तौगी का शव खून से लथपथ मिला। बेटा और बेटी नीचे सो रहे थे। सुबह करीब 7:30 बजे बच्चों ने गोली चलने की आवाज सुनी थी।
गोली की आवाज सुनने पर बच्चे पहली मंजिल की छत पर पहुंचे तो उन्होंने खून से लथपथ शव देखे। गोली व्यापारी सुनील की गर्दन के ठीक नीचे लगी थी जबकि पत्नी को गोली गर्दन के बगल में लगी थी।
नजारा देखते ही बच्चों की चीख निकल गई और घर में कोहराम मच गया। घटना जिला मुख्यालय से करीब 34 किलोमीटर दूर शाहबाद नगर के मुख्य बाजार में हुई है।
पुलिस ने कब्जे में लिया शव
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी देवकी नंदन और प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।
मौके से एक राइफल भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है ताकि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि मौके पर मिली राइफल व्यापारी सुनील की है।
क्या है पूरा मामला
शाहबाद नगर के मुख्य बाजार में सुनील रस्तौगी (50), पत्नी नेहा रस्तौगी (47), बेटे पीयूष रस्तौगी (20) और बेटी कृषि (18) के साथ रहते थे। सुनील रस्तौगी बर्तन व्यापारी थे। उनके घर में ही दुकान थी। बेटे पीयूष ने हाल ही में 12वीं पास किया है।
बुधवार रात को सभी लोग खाना खाकर सोए थे। पति-पत्नी पहली मंजिल पर सो रहे थे। वहीं, बेटा और बेटी ग्राउंड फ्लोर पर सो रहे थे। सुबह करीब 7:30 बजे पड़ोसियों और बच्चों को 2 राउंड गोली चलने की आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनने पर नीचे सो रहे बच्चे दौड़ कर पहली मंजिल पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि कमरे में कोई नहीं था। फिर वो छत पर गए। छत पर बच्चों ने माता-पिता का शव खून से लथपथ देखा।
व्यापारी सुनील की गर्दन के ठीक नीचे गोली लगी थी जबकि पत्नी को गोली गर्दन के बगल में लगी थी। बच्चों ने शव देखते ही चिल्लाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर पड़ोस के लोग भी घर में पहुंचे। पड़ोस के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

Janmat News 
