प्रतापगढ़: पत्नी पर प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या का आरोप, घटना की जांच में जुटी पुलिस
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के लालगंज नगर पंचायत के बाजार वार्ड में रहने वाले 30 वर्षीय उमाशंकर उर्फ गुड्डू की हत्या के मामले में पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप सामने आया है।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के लालगंज नगर पंचायत के बाजार वार्ड में रहने वाले 30 वर्षीय उमाशंकर उर्फ गुड्डू की हत्या के मामले में पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप सामने आया है।
बृहस्पतिवार सुबह शीतलमऊ नहर के समीप युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के सिर और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। सूचना पर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, उमाशंकर पुत्र स्व. छोटेलाल बर्तनों की फेरी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। बुधवार रात करीब आठ बजे वह घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
बृहस्पतिवार सुबह शीतलमऊ नहर के पास शव पड़े होने की सूचना राहगीर ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो युवक की मौत हो चुकी थी। 14 साल पहले हुई थी शादी, तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया उमाशंकर की शादी करीब 14 साल पहले सुमन देवी से हुई थी।
उसकी तीन बेटियां हैं- रिया (12), आयुषी (9) और पीहू (7)। पिता की मौत से तीनों बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ गया। मृतक के पिता छोटेलाल की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में पांच बच्चे थे, जिनमें से तीन की बीमारी के कारण मौत हो चुकी है। मृतक के एक भाई की भी मौत हो चुकी है।
एसपी और फॉरेंसिक टीम ने की जांच घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए जांच की।
क्षेत्राधिकारी लालगंज राजीव द्विवेदी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



