डग्गामार वाहन में सवारी बैठाने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, वाहन चालक श्रीपाल की मौत—कई घायल

सवारी बैठाने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस मारपीट में एक पक्ष के वाहन चालक श्रीपाल की मौके पर ही मौत हो गई

डग्गामार वाहन में सवारी बैठाने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, वाहन चालक श्रीपाल की मौत—कई घायल
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट —

अलीगढ़/जनमत न्यूज। थाना अकराबाद क्षेत्र के पनैठी कस्बे में बुधवार को डग्गामार और बिना परमिट चलने वाले वाहनों में सवारी बैठाने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस मारपीट में एक पक्ष के वाहन चालक श्रीपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा। संघर्ष का वीडियो मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने मोबाइल कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

घटना नेशनल हाईवे-91 स्थित पनैठी अड्डे की है। जानकारी के अनुसार, बुधवार को एक बिना परमिट टेंपो चालक जबरन सवारी भरकर ले जा रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद वाहन परमिट चेक करने वाले व्यक्ति श्रीपाल ने इसका विरोध किया। आरोप है कि बिना परमिट ई-रिक्शा चला रहा चालक श्रीपाल की बात से भड़क गया और गुस्से में उसने ई-रिक्शा सीधा श्रीपाल पर चढ़ा दिया। टक्कर के बाद भी आरोपी नहीं रुका और उसने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया।

इसके बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडों से जमकर मारपीट शुरू हो गई। आरोपियों ने श्रीपाल और उसके साथियों पर बेरहमी से हमला किया, जिससे श्रीपाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। अचानक शुरू हुए इस हमले से मौके पर भगदड़ मच गई।

सूचना मिलते ही थाना अकराबाद सहित आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। घायलावस्था में पड़े श्रीपाल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी भेज दिया है।

क्षेत्राधिकारी बरला गर्वित सिंह ने बताया कि “11 दिसंबर 2025 को पनैठी पुल के पास दो पक्षों के बीच सवारी बैठाने को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान प्रथम पक्ष के एक व्यक्ति की चोटों के कारण मृत्यु हो गई। तहरीर प्राप्त कर ली गई है और मामला दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों की पहचान वायरल वीडियो और मौके के साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।”

पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर हमलावर ई-रिक्शा चालक और उसके साथियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। घटना के बाद पनैठी क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।