जालौन: वर्षों से जंग खा रहे वायरलैस सेट SP ने किए एक्टिव, कमियों के तत्काल सुधार के निर्देश

मोबाइल फोन के बढ़ते उपयोग के बाद वर्षों से उपेक्षित पड़े पुलिस वायरलैस सेट को उप्र के जालौन जनपद पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत ने एक्टिव कर दिया है।

जालौन: वर्षों से जंग खा रहे वायरलैस सेट SP ने किए एक्टिव, कमियों के तत्काल सुधार के निर्देश
Published By- Diwaker Mishra

जालौन से सुनील शर्मा की रिपोर्ट 

जालौन/जनमत न्यूज़। मोबाइल फोन के बढ़ते उपयोग के बाद वर्षों से उपेक्षित पड़े पुलिस वायरलैस सेट को उप्र के जालौन जनपद पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत ने एक्टिव कर दिया है। विगत शनिवार वायरलैस विभाग के निरीक्षण के दौरान व्यवस्था में आई कमियों के बाद एसपी ने तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

अभी संचार में कुछ तकनीकी परेशानी है, लेकिन अनुमान है कि एक-दो दिन में पूरा वायरलैस विभाग प्रभावी रूप से कार्य करने लगेगा। पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण में कार्यालय से बिना सूचना अनुपस्थित मिले विभाग प्रभारी से लिखित जवाब तलब किया है।

मोबाइल फोन आने के बाद पुलिस विभाग में वायरलैस सेट का उपयोग लगभग समाप्त हो गया था। इससे थानों, चौकियों और मुख्यालय के बीच त्वरित समन्वय का एक प्रभावी माध्यम ठप पड़ा रहा।

नए पुलिस अधीक्षक ने इसे पुलिसिंग के लिए आवश्यक मानते हुए विभाग को फिर से सक्रिय करने का निर्णय लिया। वायरलैस सेट से जारी आदेश एक साथ पूरे जिले के थाना एवं चौकी प्रभारियों तक पहुंचते हैं, जिससे कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों में तेज समन्वय संभव होता है।

इसके अलावा मोबाइल नेटवर्क की समस्या से मुक्त संचार की सुविधा भी रहती है। एसपी सुरेश चन्द्र रावत ने कहा कि वायरलैस सिस्टम केवल संचार का साधन नहीं, बल्कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जिम्मेदारी का माध्यम है।

विभाग को पूरी तरह सक्रिय करने के लिए उपकरणों की जांच, संचार व्यवस्था का सुधार और कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। अभी रफ्तार धीमी हो सकती है, लेकिन आगामी दिनों में जिले के सभी थाने वायरलैस संचार से जुड़ने की उम्मीद है