औरैया: नहर पटरी किनारे झाड़ियों में मिला 30 वर्षीय युवक का शव, गले पर मिले फंदे के निशान
उप्र के औरैया जनपद के अछल्दा थाना क्षेत्र में नहर रोड किनारे झाड़ियों में सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के अछल्दा थाना क्षेत्र में नहर रोड किनारे झाड़ियों में सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। खेत में पानी लगाने गए बटाईदार ने झाड़ियों में शव पड़ा देखा तो तत्काल खेत मालिक को इसकी सूचना दी।
युवक के चेहरे पर चोट के निशान और गले पर फंदे के निशान पाए गए। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोशल मीडिया पर अज्ञात युवक का शव मिलने की खबर प्रसारित होने के बाद तीन दिन से लापता युवक के परिजनों को इसकी जानकारी हुई। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और पुलिस द्वारा दिखाए गए फोटो के आधार पर शव की पहचान की।
मृतक की पहचान बहारपुरा रोड, नेविलगंज निवासी अंकित यादव (30 वर्ष) पुत्र अनिल यादव के रूप में हुई। पिता अनिल यादव और बड़े भाई संजीव कुमार ने फोटो देखकर उसकी शिनाख्त की।
परिजनों के मुताबिक अंकित यादव शुक्रवार 13 नवंबर को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे घर से खेत देखने की बात कहकर निकला था। शाम करीब चार बजे उसकी मां उर्मिला देवी की फोन पर उससे बातचीत हुई थी। उस समय अंकित ने बताया था कि वह तुरुकपुर के पास खेत देखने आया है।
इसके करीब 45 मिनट बाद जब मां ने दोबारा फोन मिलाया तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। परिवार के लोग लगातार उसकी खोजबीन में जुटे हुए थे।
इधर, सोमवार सुबह नहर रोड किनारे झाड़ियों में शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुराना अछल्दा निवासी अनुज तिवारी पुत्र ललतेश तिवारी का खेत नहर रोड किनारे स्थित है। खेत के आसपास काफी झाड़ियां हैं।
सोमवार सुबह उनके बटाईदार उपेंद्र कुमार उर्फ छोटू खेत में पानी लगाने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर झाड़ियों में पड़े एक युवक के शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल खेत मालिक को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर डायल 112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी, उपनिरीक्षक विपिन पाल, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार और उपनिरीक्षक मेवालाल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
प्रारंभिक निरीक्षण में युवक के चेहरे पर चोट के निशान मिले। वहीं, गले पर फंदे के निशान तथा कान और सिर से खून निकलने के निशान भी दिखाई दिए। घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने बारीकी से जांच करते हुए साक्ष्य एकत्रित किए।
युवक की पहचान होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा।



