औरैया: फूल-मालाओं के साथ के स्टेशन पर नई ट्रेन का भव्य स्वागत, भाजपा सांसद ने दिखाई हरी झंडी
उप्र के औरैया जनपद के दिबियापुर कस्बे के स्थित फफूंद रेलवे स्टेशन पर सोमवार को कानपुर-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस नई ट्रेन के ठहराव को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
औरैया से अरुण बाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के दिबियापुर कस्बे के स्थित फफूंद रेलवे स्टेशन पर सोमवार को कानपुर-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस नई ट्रेन के ठहराव को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही क्षेत्रीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। नई ट्रेन के ठहराव की खुशी में स्टेशन परिसर में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए और एक-दूसरे को बधाई दी।
सोमवार शाम करीब 4:30 बजे कानपुर से आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन फफूंद रेलवे स्टेशन पहुंची। इस दौरान कानपुर नगर के भाजपा सांसद रमेश अवस्थी विशेष रूप से स्टेशन पर पहुंचे।
भाजपा सांसद ने ट्रेन का स्वागत करते हुए हरी झंडी दिखाकर उसे आगे के लिए रवाना किया। ट्रेन के पहुंचने पर लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया और ढोल-बाजों के साथ खुशी का इजहार किया।
इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री एवं दिबियापुर के वरिष्ठ भाजपा नेता लखन सिंह राजपूत, नगर पंचायत अध्यक्ष राघव मिश्रा सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने ट्रेन के ठहराव को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।



