मुजफ्फरनगर: जंगल में चारा लेने गई बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म, मुकदमा दर्ज होने के बाद मिल रही धमकियां

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के थाना भोपा क्षेत्र के गांव यूसुफपुर निवासी एक गरीब मजदूर परिवार की बुजुर्ग महिला के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है।

मुजफ्फरनगर: जंगल में चारा लेने गई बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म, मुकदमा दर्ज होने के बाद मिल रही धमकियां
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट 

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के थाना भोपा क्षेत्र के गांव यूसुफपुर निवासी एक गरीब मजदूर परिवार की बुजुर्ग महिला के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के अनुसार, वह अपने पशुओं के लिए चारा लेने जंगल में गई थी। इसी दौरान गांव के ही हिमांशु पुत्र नरेश पर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है।

महिला ने घटना के संबंध में पुलिस से शिकायत की थी, जिसके बाद मुजफ्फरनगर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया था। पीड़िता का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से उसे लगातार धमकियां दी जा रही हैं और मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है।

कथित धमकियों से परेशान बुजुर्ग महिला एक बार फिर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। महिला ने अधिकारियों के सामने अपनी पीड़ा रखते हुए आरोपी हिमांशु पुत्र नरेश और धमकी देने वाले बताए जा रहे अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

बुजुर्ग महिला ने पुलिस प्रशासन से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने और दर्ज मुकदमे में निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। अब देखना होगा कि बुजुर्ग महिला की शिकायत पर पुलिस प्रशासन धमकी देने के आरोपों के संबंध में क्या कार्रवाई करता है।

नोट: खबर में लगाए गए आरोप पीड़िता की शिकायत पर आधारित हैं। इनकी पुष्टि जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है।