जालौन: सर्राफा बाजार में चोरी पर SP का सख्त एक्शन, दारोगा सहित तीन पुलिसकर्मी निलंबित

उप्र के जालौन जनपद के कस्बा रामपुरा स्थित सर्राफा बाजार में रात्रि गश्त के दौरान हुई चोरी की घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक जालौन ने सख्त कार्रवाई की है।

जालौन: सर्राफा बाजार में चोरी पर SP का सख्त एक्शन, दारोगा सहित तीन पुलिसकर्मी निलंबित
Published By- Diwaker Mishra

जालौन से सुनील शर्मा की रिपोर्ट 

जालौन/जनमत न्यूज़। उप्र के जालौन जनपद के कस्बा रामपुरा स्थित सर्राफा बाजार में रात्रि गश्त के दौरान हुई चोरी की घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक जालौन ने सख्त कार्रवाई की है।

घटना के समय ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक जगदीश, आरक्षी अनिल कुमार एवं आरक्षी रामकेश को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। तीनों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही भी प्रारंभ कर दी गई है।

पुलिस विभाग के प्रेस नोट के अनुसार दिनांक 14 नवंबर को थाना रामपुरा पर तैनात उक्त तीनों पुलिसकर्मियों की ड्यूटी सर्राफा बाजार में रात्रि गश्त हेतु लगाई गई थी। इसी दौरान बाजार में चोरी की घटना होने की सूचना मिली।

पुलिस का मानना है कि यदि संबंधित कर्मचारियों ने अपनी ड्यूटी का पूर्ण निर्वहन किया होता, तो यह घटना रोकी जा सकती थी। ड्यूटी के दौरान लापरवाही, उदासीनता एवं स्वेच्छाचारिता बरतने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की दण्ड एवं अपील नियमावली-1991 के नियम 17(1) ‘क’ के तहत तीनों कर्मचारियों को निलंबित किया है। निलंबन अवधि में उन्हें पुलिस लाइन, उरई में रहना होगा। बिना अनुमति या अवकाश के मुख्यालय से बाहर जाना उनके लिए प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि रात्रि गश्त एवं पिकेट ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य है। सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और जनता की संपत्ति की रक्षा के लिए ड्यूटी में पूरी गंभीरता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। चोरी के मामले की जांच भी जारी है।