औरैया: दिबियापुर में धूमधाम से मनाया गया छठ महापर्व, सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे एसपी अभिषेक भारती
उप्र के औरैया जनपद के दिबियापुर में लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ दिबियापुर कस्बे में पूरे श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
औरैया से अरुण बाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के दिबियापुर में लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ दिबियापुर कस्बे में पूरे श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
कस्बे के नहर पुल के समीप स्थित पूजा स्थल पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पर्व के अंतिम दिन सोमवार को बड़ी संख्या में महिलाओं सहित श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। पूरे पूजा स्थल पर भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार छठी मैया की पूजा की और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु तथा खुशहाली की कामना की।
छठ महापर्व की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने स्वयं पूजा स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ को व्यवस्थित रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पूजा स्थल पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करते हुए श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने में जुटे रहे।
पुलिस प्रशासन की सक्रियता के चलते छठ महापर्व का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई।
दिबियापुर में छठ महापर्व के अवसर पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा की सुंदर झलक प्रस्तुत की। पर्व को लेकर महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।



