रायबरेली: गंगा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, चार महिलाओं की मौत; पांच घायल
रायबरेली जनपद के जगतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुल्तानपुर जनौली गांव के पास निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर बीती रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से बड़ा हादसा हो गया।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद के जगतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुल्तानपुर जनौली गांव के पास निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर बीती रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से बड़ा हादसा हो गया। सड़क किनारे पैदल जा रही महिलाओं को तेज गति से आ रही कार ने कुचल दिया।
इस दर्दनाक हादसे में चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे उच्च चिकित्सीय केंद्र रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान आसमा (18) पत्नी विदेश, हिमांशी (23) पुत्री दलबहादुर, शालिनी (22) पुत्री जंगबहादुर और रश्मि (14) पुत्री रामरतन, सभी निवासी थाना जगतपुर क्षेत्र के रूप में हुई है। वहीं घायलों में रिया पटेल (14), प्रिया पटेल (12), साधना (9), मीना (22) और रेशमा (14) शामिल हैं।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और कार चालक की तलाश की जा रही है।

Janmat News 
