केंद्रीय विद्यालय की सौगात से जालौन में शिक्षा का नया उत्साह, प्रवेश को उमड़े अभिभावक

उप्र के उरई जनपद में केंद्रीय विद्यालय की शुरुआत ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्साह दिख रहा है। नवीन अनाज मंडी, कालपी रोड उरई स्थित अस्थायी परिसर में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ होते ही बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों के नामांकन के लिए पहुंचे।

केंद्रीय विद्यालय की सौगात से जालौन में शिक्षा का नया उत्साह, प्रवेश को उमड़े अभिभावक
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट 

उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद में केंद्रीय विद्यालय की शुरुआत ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्साह दिख रहा है। नवीन अनाज मंडी, कालपी रोड उरई स्थित अस्थायी परिसर में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ होते ही बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों के नामांकन के लिए पहुंचे। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की उम्मीद के साथ अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विद्यालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और कक्षा-कक्षों में संचालित अध्ययन-अध्यापन की स्थिति का जायजा लिया।

उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय में शिक्षा का स्तर उच्च गुणवत्ता का हो और विद्यार्थियों को अनुशासित एवं सुरक्षित वातावरण में पढ़ाई का अवसर मिले।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराए जाने के निर्देश दिए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ गतिविधियों की निगरानी भी सुनिश्चित हो सके।

इसके साथ ही अभिभावकों व छात्रों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रवेश एवं अन्य प्रक्रियाओं से संबंधित जानकारी उन्हें सहज रूप से प्राप्त हो सके।

जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था को भी दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि केंद्रीय विद्यालय जनपद के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए इसकी सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप और व्यवस्थित रूप से संचालित हों।

इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, डीआईओएस राजकुमार पंडित सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।