तेज रफ्तार कार ने ली 2 वर्षीय मासूम की जान, आक्रोशित भीड़ का थाने पर पथराव
दो वर्षीय यश अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक अर्टिगा कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया।
Join our subscribers list to get the latest news, updates and special offers directly in your inbox
हाथरस से होमेन्द्र कुमार मिश्रा की रिपोर्ट —
हाथरस/जनमत न्यूज। मुरसान क्षेत्र के मढ़ैया मोहल्ले में एक हृदयविदारक सड़क हादसे में दो वर्षीय मासूम की मौत से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया, सड़क जाम कर दी और आरोपियों को उनके हवाले करने की मांग को लेकर पुलिस से नोकझोंक व धक्का-मुक्की के साथ पथराव भी किया। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार मुरसान के मढ़ैया मोहल्ला निवासी दो वर्षीय यश अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक अर्टिगा कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद परिजन बच्चे को उपचार के लिए हाथरस के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसे बागला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत नाजुक होने पर अलीगढ़ ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया।
मासूम की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में लोग मुरसान कोतवाली पहुंच गए। आक्रोशित भीड़ ने मथुरा-बरेली मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात करीब डेढ़ घंटे तक बाधित रहा। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि दुर्घटना के जिम्मेदार आरोपियों को कड़ी सजा दी जाए और उन्हें तत्काल उनके हवाले किया जाए।
स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक के बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कुछ लोगों ने पास के रेलवे ट्रैक से पत्थर उठाकर थाने पर पथराव कर दिया। लगभग 15 मिनट तक चले पथराव में थाने का साइन बोर्ड क्षतिग्रस्त हो गया और परिसर में खड़े वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। पथराव के दौरान कुछ पुलिसकर्मी और कई स्थानीय लोग घायल हो गए।
हालात को काबू में करने के लिए छह थानों की अतिरिक्त पुलिस फोर्स मौके पर बुलाई गई। पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रित किया। जाम और पथराव में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एएसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार चालक और परिचालक को हिरासत में लेकर वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। वहीं उपद्रव करने वाले कुछ लोगों की पहचान कर ली गई है, जिनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।
Total Vote: 2
Yes
Total Vote: 10
Kolkata Knight Riders
This website uses cookies to enhance your browsing experience. By continuing to use this site, you consent to the use of cookies. Please review our Privacy Policy for more information on how we handle your data.