मुजफ्फरनगर के बागोंवाली कट पर पहुंचे एसपी सिटी अमृत जैन, कांवड़ यात्रा सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने सोमवार देर रात बागोंवाली कट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने सोमवार देर रात बागोंवाली कट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने विभिन्न ड्यूटी प्वाइंट्स का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। एसपी सिटी ने कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी जायजा लिया।
उन्होंने कांवड़ियों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही श्रद्धालुओं से अनुशासित एवं सुरक्षित यात्रा करने की अपील करते हुए हरसंभव पुलिस सहायता का भरोसा दिलाया।
निरीक्षण के बाद एसपी सिटी ने स्वयं यातायात व्यवस्था का संचालन कराया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात सुचारु रहे तथा आमजन और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नई मंडी सुनील कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


