सहारनपुर: आगामी त्योहारों और बड़े आयोजनों को लेकर रेलवे स्टेशन पर कड़ा पहरा, 14 ट्रेनों को मिला अस्थायी ठहराव
आगामी त्योहारों और बड़े आयोजनों को देखते हुए उप्र का सहारनपुर रेलवे प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। आगामी त्योहारों और बड़े आयोजनों को देखते हुए उप्र का सहारनपुर रेलवे प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। रक्षाबंधन, सहारनपुर में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली और पिलखनी स्थित राधा स्वामी सत्संग ब्यास में होने वाले सत्संग को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
इसी क्रम में स्टेशन अधीक्षक संजय कुमार, डिप्टी एसएस वाणिज्य हनित सिंह और जीआरपी इंस्पेक्टर हरेंद्र कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ और जीआरपी के पुलिसकर्मियों ने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने प्लेटफार्म, प्रवेश और निकास द्वार सहित स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान आरपीएफ और जीआरपी की टीमों ने स्टेशन परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों और सामान की चेकिंग की।
अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यात्रियों की सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। रेलवे प्रशासन का कहना है कि त्योहारों और विभिन्न आयोजनों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि किसी भी यात्री को आवागमन में परेशानी न हो।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक रक्षाबंधन के मद्देनजर स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। वहीं यात्रियों की सुविधा के लिए 14 ट्रेनों को एक मिनट का अस्थायी ठहराव भी दिया जा रहा है।
इसके अलावा पिलखनी स्थित राधा स्वामी सत्संग ब्यास में होने वाले सत्संग को देखते हुए भी रेलवे प्रशासन ने विशेष निगरानी बढ़ा दी है। आरपीएफ और जीआरपी की टीमें लगातार स्टेशन पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रही हैं।




