प्रतापगढ़ में उमड़ा जनसैलाब, संघ पदाधिकारी सियाराम उमरवैश्य को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई

अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये का दान देने वाले उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व जिला संघचालक सियाराम उमरवैश्य को शनिवार को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई दी गई।

प्रतापगढ़ में उमड़ा जनसैलाब, संघ पदाधिकारी सियाराम उमरवैश्य को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये का दान देने वाले उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व जिला संघचालक सियाराम उमरवैश्य को शनिवार को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनके निधन से जिले में शोक की लहर है।

सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे सियाराम उमरवैश्य के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शनिवार सुबह उनके आवास से अंतिम यात्रा निकाली गई। फूलों से सजी अर्थी को कंधा देने के लिए लोग आगे आए। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब उनके प्रति लोगों के सम्मान और जुड़ाव को दर्शा रहा था। राम मंदिर निर्माण के लिए दिया था एक करोड़ रुपये का दान सियाराम उमरवैश्य लंबे समय तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे।

अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये का दान देकर उन्होंने अपनी आस्था और समर्पण का परिचय दिया था। उनके निधन को संघ परिवार और सामाजिक क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।

जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता, सदर विधायक राजेंद्र मौर्य और पूर्व विधायक बृजेश सौरभ ने उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम यात्रा के दौरान नगर कोतवाल सुभाष कुमार यादव, चौकी इंचार्ज भगवा रमेश तिवारी समेत कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे। गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम विदाई के बीच लोगों ने नम आंखों से उन्हें विदा किया।