प्रतापगढ़: कटैया में ‘द अजगरा डिबेट’, बच्चों के बीच बैठ डीएम अभिषेक पांडे ने किया उत्साहवर्धन

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के लक्ष्मणपुर विकासखंड के अंतर्गत कटैया गांव में आयोजित ‘द अजगरा डिबेट’ कार्यक्रम में जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने पहुंचकर युवाओं और बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

प्रतापगढ़: कटैया में ‘द अजगरा डिबेट’, बच्चों के बीच बैठ डीएम अभिषेक पांडे ने किया उत्साहवर्धन
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट 

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के लक्ष्मणपुर विकासखंड के अंतर्गत कटैया गांव में आयोजित द अजगरा डिबेटकार्यक्रम में जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने पहुंचकर युवाओं और बच्चों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी मंच पर अतिथियों के साथ बैठने के बजाय बच्चों के बीच जाकर बैठ गए और उनसे संवाद किया।

डीएम के इस सहज अंदाज की मौजूद लोगों ने सराहना की। जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने कहा कि अजगरा की हजारों वर्ष पुरानी परंपरा और इतिहास को नई पीढ़ी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

इस बार अजगरा महोत्सव में यक्ष-युधिष्ठिर संवादका मंचन कराया जाएगा, जिससे युवाओं को अजगरा के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी मिल सके।

उन्होंने बताया कि अजगरा महोत्सव 15 से 17 सितंबर के बीच आयोजित होगा। द अजगरा डिबेटके अंतिम चरण में आठ विजेता प्रतिभागी शामिल होंगे।

प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 1.75 लाख रुपये, द्वितीय को 1.50 लाख और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 1.25 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। डीएम ने कटैया ग्राम सभा के प्रधान प्रतिनिधि तूफान सिंह की सराहना करते हुए आयोजन को बेहतरीन बताया और ग्रामवासियों का आभार जताया।

तूफान सिंह ने भी डीएम का धन्यवाद देते हुए कहा कि कार्यक्रम से बच्चों को यक्ष-युधिष्ठिर संवाद और अजगरा के महत्व की जानकारी मिलेगी। ग्राम प्रधान की ओर से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त बच्चों को पुरस्कार व नगद धनराशि देकर सम्मानित किया गया।